सेल के 45 लंबित मुद्दों पर बोकारो में गरजा बीएकेएस

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

एसएमएस न्यू सीजीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन, आमरण अनशन और मौन जुलूस की तैयारी

बोकारो, 01 अक्टूबर 2026: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) में कार्यरत अनाधिशासी कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने अपने दूसरे चरण के आंदोलन के तहत एसएमएस न्यू विभाग के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्लांट कर्मियों ने हिस्सा लिया और प्रबंधन के खिलाफ आवाज बुलंद की।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सेल कॉर्पोरेट स्तर पर कर्मचारियों के 45 से अधिक मामले अटके हैं, जबकि बोकारो इस्पात संयंत्र स्तर पर 60 से ज्यादा समस्याएं महीनों से लंबित हैं। वेज रिवीजन 2017 का एरियर, बोनस का नया फॉर्मूला, एनजेसीएस व्यवस्था में सुधार और ग्रेच्युटी सीलिंग जैसे अहम मुद्दों पर विभिन्न यूनियनों ने न्यायालय में याचिकाएं दायर की हैं। सुविधाओं के संशोधन न होने और कई भत्ते बंद रहने से कर्मियों को सिर्फ बेसिक और डीए पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है।

यूनियन के कोषाध्यक्ष राहुल प्रसाद साव ने सभा को संबोधित करते हुए अगले चरण में मौन जुलूस और आमरण अनशन का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रालय और सरकार की चुप्पी के कारण प्रबंधन मनमानी कर रहा है। बोनस सब-कमेटी के गठन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बिना जनसमर्थन वाले लोग फैसलों में शामिल हैं, जबकि वास्तविक प्रतिनिधि बाहर हैं। विभागीय प्रतिनिधि अजय कुमार ने भी कहा कि जब तक पूरी प्रणाली में बदलाव नहीं होता, तब तक सड़कों पर संघर्ष ही एकमात्र रास्ता है। प्रदर्शन को संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार, महासचिव हरिओम, उपाध्यक्ष कृष्ण रजवार, उपमहासचिव माणिक मुंडा और उपकोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

Verified by MonsterInsights