-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने पर जोर, 74 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
रांची, 23 सितंबर 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सतर्कता विभाग के तत्वावधान में “GeM – नई सुविधाएं एवं कार्यप्रणाली” विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) की नवीनतम सुविधाओं, आधुनिक प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली से अवगत कराकर खरीद संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) अनूप हंजूरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) राज किशोर तथा महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) एम. एफ. हक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान GeM के निदेशक एवं नोडल अधिकारी (नई दिल्ली) सूरज शर्मा और झारखंड स्थित उनकी तकनीकी टीम ने GeM पोर्टल के नए फीचर्स और संचालन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनुपालन करते हुए सर्वोत्तम उपलब्ध मूल्य (L1) पर निष्पक्ष और पारदर्शी खरीद प्रक्रिया संपन्न करने के तौर-तरीकों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में कुल 74 प्रतिभागियों ने भाग लेकर GeM के नए प्रावधानों और दिशा-निर्देशों पर विचार-विमर्श किया। यह पहल सीसीएल की खरीद प्रणाली को अधिक सुदृढ़, त्वरित और जवाबदेह बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
