सेल के बोनस फॉर्मूले के खिलाफ बोकारो में गरजे इस्पात कर्मी

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

शॉप्स एवं फाउंड्री सीजीएम दफ्तर पर बीएकेएस का प्रदर्शन, दिल्ली में बैठे अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

बोकारो, 01 अक्टूबर 2026: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) में कर्मचारियों की लंबित मांगों और बोनस विवाद को लेकर विरोध की आग और तेज हो गई है। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) के दूसरे चरण के आंदोलन के आठवें दिन कर्मियों ने शॉप्स एवं फाउंड्री विभाग के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। तेज धूप के बीच बड़ी संख्या में नियमित कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान यूनियन के उपकोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने इस्पात मंत्रालय और सेल प्रबंधन पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के वातानुकूलित कमरों में बैठने वाले अधिकारी 45 से 50 डिग्री तापमान, धूल, धुएं और जानलेवा परिस्थितियों में काम करने वाले संयंत्र कर्मियों के भविष्य का अनुचित फैसला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मेहनत से सेल को रिकॉर्ड उत्पादन और मुनाफा दिलाते हैं, इसलिए मुनाफे में बोनस का हिस्सा उनका कानूनी अधिकार है, कोई खैरात नहीं। उन्होंने बैठक में शामिल कथित नेताओं को प्रबंधन का करीबी बताते हुए पूरी प्रक्रिया को श्रम कानूनों का उल्लंघन करार दिया और मामले को अदालत में ले जाने की चेतावनी दी।

यूनियन के महासचिव हरिओम ने स्पष्ट किया कि यदि पुराने फॉर्मूले में बदलाव किए बिना बोनस का फैसला थोपा गया, तो आंदोलन को सड़क से लेकर न्यायालय तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनजेसीएस की कार्यप्रणाली पर अब सवाल खड़े हो चुके हैं। सभा को संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण रजवार, उपमहासचिव माणिक मुंडा, कोषाध्यक्ष राहुल साव, कार्यकारिणी सदस्य अनंत गौरव, महिला श्रमिक प्रतिनिधि संगीता सहित कई अन्य प्रमुख सदस्यों ने भी संबोधित किया।

Verified by MonsterInsights