ओएनजीसी का नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

अमलाबाद में हजारों ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच, सीएसआर परियोजनाओं का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण

अमलाबाद/बोकारो, 16 जुलाई 2026 : ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अमलाबाद पंचायत सचिवालय में नि:शुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की आंखों की जांच के साथ-साथ रक्तचाप (बीपी) और शुगर की भी जांच की गई। पात्र मरीजों को दवाइयां, चश्मे उपलब्ध कराए गए तथा मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन की व्यवस्था भी की गई।

यह शिविर अनुग्रह दृष्टिदान, दिल्ली एवं अग्रवाल लेजर एंड इंप्लांट सेंटर, बोकारो के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण परिवारों को नेत्र रोगों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। आयोजन में हजारों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।

ओएनजीसी ने जानकारी दी कि सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत 18 जुलाई को पड़ुवा भाव मेला स्थित सामुदायिक भवन तथा 19 जुलाई को शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक, कुलटांड में भी नि:शुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर का निरीक्षण अमलाबाद थाना प्रभारी कौशलेन्द्र कुमार एवं चंदनकियारी थाना प्रभारी अमित राय ने किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच कराई तथा ग्रामीणों के लिए इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर ओएनजीसी के सामाजिक दायित्व निर्वहन की सराहना की।

कार्यक्रम में ओएनजीसी के मानव संसाधन प्रमुख दयानन्द कालुंदिया, परिसंपत्ति सपोर्ट प्रबंधक अनिता यादव, प्रभारी-सीएसआर डॉली कुमारी, प्रमुख-कूप सेवाएं विकास चंद्र सिंह, प्रभारी-सीसी अजय कुमार दास, प्रोजेक्ट मैनेजर (झरिया) अभिनव कुमार, प्रबंधक-मानव संसाधन अनोखेलाल, प्रभारी-चिकित्सा आशीष यादव तथा चिकित्साधिकारी डॉ. शशांक शेखर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा अमलाबाद के मुखिया अजय रजवार एवं समाजसेवी पृथ्वी सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

इसी क्रम में अमलाबाद थाना प्रभारी कौशलेन्द्र कुमार ने ओएनजीसी अधिकारियों के साथ अमलाबाद क्षेत्र में सीएसआर के तहत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का संयुक्त निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के बाद थाना प्रभारी ने कहा कि ओएनजीसी ने अमलाबाद क्षेत्र में सामाजिक विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने विद्यालयों में नव-निर्मित शौचालयों का निरीक्षण करते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ेगी तथा विशेष रूप से छात्राओं को शौचालय के अभाव में पढ़ाई छोड़ने जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।