-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
डिजिटल अरेस्ट के झांसे में न आएं, ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल; सहिया, नर्सिंग व आंगनबाड़ी कर्मियों को दी गई अहम जानकारी
बोकारो, 28 नवंबर 2026 : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन अवसर पर शनिवार को सभागार में पुलिस प्रशासन की ओर से साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में संपन्न इस कार्यशाला में साइबर अपराध के नए तौर-तरीकों, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग के जोखिम और महिला सुरक्षा से जुड़े अहम विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक आजाद खान और पुलिस निरीक्षक संगीता कुमारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला में सहिया, नर्सिंग स्टाफ, सेविका-सहायिका तथा आंगनबाड़ी कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
वीडियो के जरिए समझाई गई साइबर ठगों की चाल
कार्यशाला के दौरान लघु वीडियो क्लिप के माध्यम से प्रतिभागियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। इसमें ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाली धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक, एपीके (APK) फाइल, डिजिटल अरेस्ट और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों को दिखाया गया, ताकि लोग अपराधियों की कार्यप्रणाली को पहचान सकें और उनसे सुरक्षित रह सकें।
‘डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं’
संबोधन के दौरान एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि साइबर अपराधी आए दिन नए पैंतरे अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर डराना और पैसे ऐंठना ठगी का तरीका है, जबकि कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी (OTP) या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें और बिना जांच-पड़ताल किसी लिंक पर क्लिक न करें।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सामूहिक जागरूकता बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति खुद जागरूक बने और कम से कम दस अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करे। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा नजदीकी थाने या साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते ठगी की रकम को होल्ड या फ्रीज कराया जा सके।
अनजान लिंक व एपीके फाइल से रहें सावधान
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि घर बैठे कमाई, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और लुभावने ऑफरों का झांसा देकर ठगी की जा रही है। ऑनलाइन गेमिंग के दौरान आने वाले अनजान लिंक और एपीके फाइलों के जरिए मोबाइल का संवेदनशील डेटा चुराया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को मोबाइल देते समय सतर्क रहें और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। वहीं पुलिस निरीक्षक आजाद खान ने कहा कि बड़े अधिकारियों या प्रतिष्ठित संस्थाओं का नाम लेकर गुमराह करने वालों के दावों को बिना सत्यापित किए न मानें और व्हाट्सएप पर आई अनजान पीडीएफ, फाइल या लिंक को डाउनलोड या क्लिक करने से बचें। अंत में सभी प्रतिभागियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ कार्यक्षेत्र, परिवार और समाज में यह संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।

