-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
निलंबित व फर्जी एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर पर बिक रहा था बोतलबंद पानी, दो प्रतिष्ठानों से लिए गए चार सैंपल
पटना, 28 नवंबर 2026 : आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और मानक के अनुरूप पेयजल व खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने शनिवार को राजधानी पटना में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें मीठापुर स्थित एक स्टोर से करीब 30,000 रुपये मूल्य का पैकेटबंद पेयजल जब्त करते हुए उसकी बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच के लिए कुल चार नमूने भी संग्रहित किए हैं।
न्यू बंगाली टोला (मीठापुर) स्थित मां जानकी स्टोर के निरीक्षण में पैकेटबंद पेयजल की बोतलों के लेबल और लाइसेंस विवरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान एक लीटर की बोतलों पर अनिवार्य एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और बैच नंबर ही अंकित नहीं मिले। वहीं, 500 मिलीलीटर की बोतलों पर दर्ज लाइसेंस विवरण का ऑनलाइन मिलान करने पर एक ब्रांड का लाइसेंस निलंबित पाया गया, जबकि दूसरे ब्रांड पर छपा लाइसेंस नंबर एफएसएसएआई पोर्टल पर मौजूद ही नहीं था।
खाद्य संरक्षा अधिकारियों ने तीनों प्रकार के संदिग्ध बोतलबंद पानी के पूरे स्टॉक को जब्त कर बिक्री प्रतिबंधित कर दी है तथा तीनों से एक-एक विधिक नमूना जांच के लिए लिया है। प्रतिष्ठान संचालक को इन खामियों पर तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अतिरिक्त पुरंदरपुर स्थित मां एंटरप्राइजेज के निरीक्षण के दौरान बिक्री बिल (इनवॉइस) पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर मुद्रित नहीं पाया गया। विभाग ने प्रतिष्ठान को तत्काल बिलों पर लाइसेंस नंबर अंकित करने की सख्त हिदायत दी और वहां से ‘इंडिपेंडेंस वाटर’ के पैकेटबंद पेयजल का एक नमूना जांच हेतु संग्रहित किया। खाद्य संरक्षा इकाई ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।

