– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
दर्जनों लोगों ने किया रक्तदान, स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि: उपायुक्त
बोकारो, 1 सितंबर 2026: बोकारो के इंडियन रेडक्रॉस सभागार में मंगलवार को दिवंगत डॉ. यू. मोहंती की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन और सिविल सर्जन डॉ. ए. बी. प्रसाद सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिविर को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि डॉ. यू. मोहंती बोकारो के स्वास्थ्य क्षेत्र की महान विभूति थे और उनके निधन से जिले में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि बोकारो की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक बेहतर और सुदृढ़ बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। बोकारो ब्लड डोनर्स एसोसिएशन, बोकारो रक्तवीर परिवार एवं प्रगति सेवा आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मनोज कुमार, संजय शर्मा, महताब अली अहमद, हामिद खान, प्रगति शंकर, शशिकांत विश्वकर्मा, रजनीश तिवारी, राजकुमार, मोज़ीबा, रंजन, सुभाष, ब्रह्मदेव और ज्योति प्रकाश द्विवेदी का सक्रिय योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन डॉ. मैथली ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
