बोकारो स्टील प्लांट ने रचा इतिहास, उत्पादन का नया रिकॉर्ड

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

एसएमएस-2 और सीसीएस विभाग ने अगस्त में 3.34 लाख टन उत्पादन कर तोड़े कई पुराने कीर्तिमान

बोकारो, 1 सितंबर 2026: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 एवं सीसीएस विभाग ने तकनीकी दक्षता और टीम भावना के दम पर अगस्त 2026 में ऐतिहासिक उत्पादन रिकॉर्ड स्थापित किया है। विभाग ने अगस्त माह में कुल 3,34,310 टन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन दर्ज कर अगस्त 2018 के 3,04,251 टन के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

संयंत्र ने 14 अगस्त को एक ही दिन में सर्वाधिक 46 हीट्स ब्लो करने का नया दैनिक रिकॉर्ड बनाया, जिसने फरवरी 2025 के 45 हीट्स के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। इसके साथ ही विभाग ने 285 टन का उच्चतम मासिक औसत हीट वेट हासिल किया। लॉजिस्टिक्स और डिस्पैच में भी नया मील का पत्थर हासिल करते हुए अगस्त में 14,800 से अधिक स्लैब्स का प्रेषण किया गया, जिसने मार्च 2026 के 14,622 स्लैब्स के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।

विभाग ने 12 से 15 अगस्त के बीच 2 फ्लाइंग टंडिश के साथ 67 हीट्स का सबसे लंबा अनुक्रम पूरा किया और 29 हीट्स की उच्चतम टंडिश लाइफ हासिल कर रिफ्रैक्ट्री प्रबंधन में भी नई मिसाल पेश की। शीर्ष प्रबंधन ने पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सेल के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।