– श्रीकान्त केडिया की रिपोर्ट
ज्वेलरी दुकान और पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश नाकाम, व्यवसायी शुभम साहू की गोली मारकर हत्या
लोहरदगा, 31 जुलाई। झारखंड के लोहरदगा में गुरुवार को अपराधियों ने कुछ ही घंटों के भीतर तीन बड़ी वारदातों को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। ज्वेलरी दुकान और पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश के साथ-साथ एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है।
पहली घटना शहर के अपर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई, जहां हथियारबंद अपराधियों ने लूट का प्रयास किया। हालांकि दुकान संचालक की सूझबूझ और बहादुरी के कारण बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से भाग निकले।
इसके कुछ ही समय बाद अपराधियों ने पतरा टोली स्थित प्रिया स्टोर को निशाना बनाया। यहां व्यवसायी शुभम साहू को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल शुभम साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
इसके बाद अपराधियों ने एक पेट्रोल पंप पर भी लूट का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया के कारण बदमाश यहां भी लूट की वारदात को अंजाम नहीं दे सके और फरार हो गए।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
लगातार हुई इन तीन घटनाओं के बाद पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थलों पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
एक ही दिन में हुई इन सिलसिलेवार घटनाओं ने लोहरदगा की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

