SIR के लिए 24×7 हेल्पलाइन शुरू

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बोकारो में डीसी अजय नाथ झा ने एसआईआर-2026 हेल्पलाइन कॉल सेंटर का किया शुभारंभ, पहली कॉल उठाकर मतदाता की शंका का किया समाधान

बोकारो, 20 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को अधिक प्रभावी और मतदाता केंद्रित बनाने के उद्देश्य से बोकारो जिला प्रशासन ने सोमवार को 24×7 हेल्पलाइन कॉल सेंटर की शुरुआत की। समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने कॉल सेंटर का उद्घाटन किया। इस हेल्पलाइन के माध्यम से मतदाताओं को गणना प्रपत्र, मतदाता सूची पुनरीक्षण और अन्य निर्वाचन संबंधी समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उद्घाटन के तुरंत बाद कॉल सेंटर पर आई पहली कॉल स्वयं उपायुक्त अजय नाथ झा ने रिसीव की। उन्होंने 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र के चास निवासी एक मतदाता से बातचीत कर गणना प्रपत्र और मतदाता मैपिंग से संबंधित शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के मतदाताओं से हेल्पलाइन का अधिकतम उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और त्रुटिरहित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) डॉ. अरविंद राधाकृष्णन सहित निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कई बूथों पर डिजिटाइजेशन कार्य पूरा

एसआईआर-2026 अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची के अद्यतन और डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रशासन के अनुसार 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 79, 80 और 81 तथा 35-बेरमो विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 210 एवं 217 पर गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) द्वारा सम्मानित भी किया गया। उपायुक्त ने निर्वाचन टीम के कार्य की सराहना करते हुए अन्य क्षेत्रों को भी इसी प्रकार लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।

कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर सख्ती

उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और एईआरओ के साथ एसआईआर-2026 एवं बीवी-जीरामजी योजना की समीक्षा की। बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान 50 प्रतिशत से कम डिजिटाइजेशन वाले मतदान केंद्रों को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया।

इसके साथ ही बीवी-जीरामजी योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी कार्य की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर अगले एक-दो दिनों में 90 प्रतिशत ई-केवाईसी का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।