स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित होंगे बोकारो के झारखंड आंदोलनकारी

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

मोर्चा ने डीडीसी को सौंपे दस्तावेज, 1306 आंदोलनकारियों के सम्मान की रखी मांग; प्रशासन ने दिया आश्वासन

बोकारो, 28 जुलाई 2026। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर बोकारो के झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा एवं झारखंड आंदोलनकारी युवा मोर्चा के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार से मुलाकात कर आवश्यक दस्तावेज सौंपे और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बताया गया कि 10 जुलाई 2026 को मोर्चा द्वारा आयोजित अनिश्चितकालीन उपायुक्त आवास घेराव कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने आंदोलनकारियों से संबंधित सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा था। इसी क्रम में मंगलवार को मोर्चा के प्रतिनिधियों ने दस्तावेजों की प्रतियां डीडीसी को सौंपते हुए प्रशासन के समक्ष संबंधित तथ्यों को रखा।

मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजदेव माहथा ने डीडीसी को बताया कि गृह विभाग, रांची द्वारा अधिसूचित आयोग से चिह्नित 881 और 425 यानी कुल 1306 झारखंड आंदोलनकारियों की सूची जिला समाहरणालय में लंबित है। उन्होंने मांग की कि आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह में सभी चिह्नित आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाए।

इस पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने आश्वासन दिया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित कर झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

विस्थापितों की समस्याओं के समाधान पर भी हुई चर्चा

वार्ता के दौरान बोकारो के विस्थापितों की सात दशकों पुरानी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने विस्थापित परिवारों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग रखी। इस पर प्रशासन की ओर से 15 अगस्त के बाद उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर समाधान की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया गया।

इसके अलावा मोर्चा ने बोकारो में बड़ी संख्या में उद्योग-धंधे होने के बावजूद युवाओं के दूसरे राज्यों में पलायन की समस्या पर चिंता जताई। प्रतिनिधियों ने अंचल और प्रखंड कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार एवं दलाल प्रथा पर रोक लगाने की भी मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो, केंद्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं जिलाध्यक्ष राजदेव माहथा, युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष ललित नारायण, जिला सचिव परमेश्वर मंडल, आंदोलनकारी विक्की मौर्य सहित कई सदस्य शामिल रहे।

Verified by MonsterInsights