झारखंड में जदयू संगठन को फिर धारदार बनाएगी पार्टी: दामोदर राउत

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बोकारो में बोले बिहार के परिवहन मंत्री- जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की तैयारी

बोकारो, 21 सितंबर 2026। रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाने के क्रम में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर राउत सोमवार को बोकारो लोहांचल स्थित जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व बियाडा चेयरमैन अशोक चौधरी के आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने कहा कि पूर्व में झारखंड के भीतर जदयू का संगठनात्मक ढांचा बेहद मजबूत था, लेकिन हाल के दिनों में सक्रियता घटने से संगठन कमजोर हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य में पार्टी को फिर से धारदार और मजबूत बनाने की जरूरत है, जिसके लिए शीर्ष नेतृत्व एक वृहद कार्ययोजना तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता नीतीश कुमार के सिपाही हैं, जिनके मार्गदर्शन में विकसित बिहार की नींव रखी गई। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिल रही है और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं।

वहीं, जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने बताया कि औद्योगिक नगरी बोकारो में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के भव्य कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। एमएमडीआर अधिनियम और योजनाओं के फंड पर बात करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर केंद्रीय योजनाओं की राशि डायवर्ट करने और समय पर राज्यांश जारी न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं के विशेष अनुदान का उपयोग उसी मद में होना चाहिए। इस मौके पर सुशील कुमार सिंह, धनबाद जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह, प्रवीण कुमार, बालेश्वर प्रसाद, नीलेश कुमार, शंकर स्नेही सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights