-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
कपड़े के ऊपर कपड़ा पहनकर बदलते थे हुलिया, 3 चोरी की मोटरसाइकिल व मोबाइल बरामद
बोकारो, 05 अक्टूबर: त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान ललपनिया पुलिस ने जोमैटो डिलीवरी बॉय बनकर बाइक चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
आगामी पर्व-त्यौहारों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ललपनिया पुलिस रात में एंटी-क्राइम चेकिंग कर रही थी। 5 अक्टूबर की देर रात करीब 2:30 बजे अंबेडकर चौक के पास गश्ती दल को देखकर रामगढ़-जगेश्वर विहार मुख्य मार्ग की ओर से आ रहे दो बाइक सवार अचानक गाड़ी मोड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने खदेड़कर दोनों को पकड़ा। पूछताछ और जांच में दोनों बाइक चोरी की निकलीं। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बेरमो के फुसरो अंतर्गत ढोरी धौड़ा में छिपाकर रखी गई एक अन्य चोरी की बाइक की जानकारी दी। बेरमो एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह और अंचल पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप के निर्देश पर ललपनिया ओपी प्रभारी जय प्रकाश एक्का के नेतृत्व में टीम ने वहां छापा मारकर तीसरी बाइक भी बरामद कर ली।

जांच में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वे जोमैटो में फूड डिलीवरी का काम करते थे। रात में डिलीवरी बैग देखकर पुलिस चेकिंग में ज्यादा शक नहीं करती थी, जिसका फायदा उठाकर वे रेकी करते और बाइक चुरा लेते थे। पुलिस और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वे एक के ऊपर एक तीन-चार रंग के कपड़े पहनते थे और घटना को अंजाम देने के बाद कपड़े उतारकर अपना हुलिया बदल लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार साव उर्फ प्रभास (27 वर्ष, निवासी घटयारी नीचे टोला, चंद्रपुरा) और रितेश कुमार राम (19 वर्ष, निवासी हरिजन मुहल्ला, करगली बाजार, बेरमो) के रूप में हुई है। पुलिस ने महुआटांड़ (ललपनिया ओपी) थाना कांड संख्या 41/2026 दर्ज कर दोनों को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
