–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
माराफारी थाना पुलिस की आहार टोला में छापेमारी, बीएनएस और उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज
बोकारो, 03 अक्टूबर: अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माराफारी थाना पुलिस ने आहार टोला में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। पुलिस ने मौके से अवैध शराब की बिक्री में लिप्त दुकानदार कृष्णा मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है।
बोकारो पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि माराफारी थाना क्षेत्र के आहार टोला और धोईचा टोला में अवैध रूप से विदेशी शराब रखकर बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर त्वरित छापेमारी की गई। आहार टोला स्थित दुकान में तलाशी के दौरान कार्टन में छिपाकर रखी गई रॉयल चैलेंजर शराब की 180 एमएल की 11 बोतलें, 375 एमएल की 11 बोतलें, किंगफिशर बीयर की 650 एमएल की 36 बोतलें और बडवाइजर बीयर की 650 एमएल की 12 बोतलें बरामद हुईं।

इस कार्रवाई में अवैध धंधे में शामिल दुकानदार कृष्णा मुर्मू (पिता स्वर्गीय बिनु मुर्मू, निवासी आहार टोला, माराफारी) को दबोच लिया गया। इस मामले में माराफारी थाना कांड संख्या 81/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 292, 274, 275, 132, 3(5) और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक सतेन्द्र पासवान, सहायक अवर निरीक्षक रविन्द्र मांझी समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे।
