-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
बोकारो में कर्मचारियों और युवाओं को मिलेगा व्यावहारिक तकनीकी प्रशिक्षण
बोकारो, 01 अक्टूबर 2026: वेदांता समूह की कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड ने कार्यबल की दक्षता और क्षमता को नई मजबूती देने के उद्देश्य से एक आधुनिक तकनीकी कौशल प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की है। इस केंद्र के माध्यम से कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों और नए प्रशिक्षुओं को थ्योरी के साथ-साथ प्रत्यक्ष प्रायोगिक अभ्यास का अवसर मिलेगा, जिससे वे आधुनिक औद्योगिक तकनीकों को आसानी से समझ और अपना सकेंगे।
इस नए प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन ईएसएल स्टील लिमिटेड के सीईओ व पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा और सीआईआई झारखंड के निदेशक व स्टेट हेड प्रभात कुमार ने किया। कार्यक्रम में संस्थान के कई अन्य प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह केंद्र एक इंटरैक्टिव लर्निंग मॉडल पर आधारित है, जहां विभिन्न प्रकार के क्रियाशील मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें औद्योगिक उपकरण, फास्टनर्स, इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट्स, हाइड्रोलिक व न्यूमैटिक सिस्टम, औद्योगिक वाल्व, लिफ्टिंग टूल्स, वेल्डिंग, गैस कटिंग और सुरक्षा से जुड़ी प्रणालियां शामिल हैं। प्रशिक्षु इन मॉडलों को स्वयं संचालित करके जटिल तकनीकी प्रक्रियाओं को सरलता से समझ सकेंगे।
उद्घाटन के अवसर पर कंपनी के सीईओ रवीश शर्मा ने बताया कि तकनीकी ज्ञान में निपुणता सतत अभ्यास और व्यावहारिक अनुभव से ही आती है। यह केंद्र कर्मचारियों को आधुनिक मशीनों और सुरक्षा मानकों को करीब से समझने में मदद करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कर्मचारियों के कौशल विकास और कार्यस्थल पर सुरक्षा में निवेश से भविष्य की जरूरतों के लिए एक सक्षम टीम तैयार होगी।

