पटना के बाढ़ में महिला सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष अभियान, जल्द शुरू होगी ‘स्कूटी दीदी’ सेवा

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

स्कूलों में लगेंगे गुप्त शिकायत बॉक्स, चार थाना क्षेत्रों में रूट मार्च कर छात्राओं को साइबर ग्रूमिंग और हेल्पलाइन के प्रति किया जागरूक

पटना/बाढ़, 01 अक्टूबर 2026 : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में महिलाओं और बालिकाओं की पुख्ता सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में मोकामा, पंचमहला, हाथीदह और मरांची थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष रूट मार्च और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यालय स्थित अनुग्रह नारायण सिंह उच्च विद्यालय और चर्च गर्ल्स हाई स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव और सब-इंस्पेक्टर खुशबू कुमारी ने छात्राओं को सुरक्षा उपायों और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की पूरी जानकारी दी। एसडीपीओ ने घोषणा की कि स्कूलों में जल्द ही शिकायत पेटिका (कंप्लेंट बॉक्स) लगाई जाएगी, ताकि छात्राएं बिना किसी डर के अपनी समस्याएं गुप्त रूप से साझा कर सकें। इन पेटियों की नियमित जांच स्थानीय थाना पुलिस करेगी। इसके अलावा छात्राओं की त्वरित मदद के लिए अनुमंडल में जल्द ‘स्कूटी दीदी’ गश्ती व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर आम लोगों और सामाजिक संगठनों से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और छात्राओं को छेड़खानी, उत्पीड़न अथवा किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत देने के लिए प्रेरित किया।

डिजिटल युग को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को ‘साइबर ग्रूमिंग’ और ऑनलाइन फ्रॉड से सुरक्षित रहने के तरीके बताए गए। साथ ही पैम्फलेट और बैनर के जरिए महिला हेल्प डेस्क, ‘अभया ब्रिगेड’, ‘पुलिस दीदी’ और आपातकालीन नंबरों का प्रचार-प्रसार किया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समाज में महिलाओं और बेटियों का विश्वास मजबूत करना और उन्हें भयमुक्त माहौल देना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Verified by MonsterInsights