नशामुक्त समाज की ओर बड़ा कदम: सीसीएल–प्रभात खबर ने शुरू किया “नवचेतना” अभियान

Live ख़बर

झारखंड के गांव-गांव पहुंचेगा ‘नवचेतना रथ’, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

रांची | 11 मार्च 2026

समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने और लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड और प्रभात खबर की संयुक्त पहल पर आज “नवचेतना” अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को इसके खतरों से सचेत करना तथा एक स्वस्थ और नशामुक्त वातावरण के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी तथा निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा उपस्थित रहे।

वहीं प्रभात खबर समूह की ओर से कार्यकारी निदेशक आर. के. दत्ता, उपाध्यक्ष विजय बहादूर और सीनियर रेजिडेंट एडिटर विजय पाठक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर “नवचेतना रथ” को रवाना किया, जो झारखंड के विभिन्न गांवों में जाकर नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाएगा।

सामूहिक प्रयास से ही मिटेगी नशे की बुराई

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं बल्कि एक घातक और गलत रास्ता है, इसलिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

समाज में जागरूकता फैलाने की सराहनीय पहल

प्रभात खबर के कार्यकारी निदेशक आर. के. दत्ता ने कहा कि सीसीएल के साथ मिलकर शुरू किया गया “नवचेतना” अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल युवाओं को सही दिशा देने और नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाएगी।

गांवों और शिक्षण संस्थानों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

इस अवसर पर सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत नशे से प्रभावित गांवों में जागरूकता शिविर, मेडिकल कैंप और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेषज्ञों के साथ पॉडकास्ट, पेंटिंग प्रतियोगिता और जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में सीसीएल के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीसीएमडी ने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई और विशेष रूप से महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सीसीएल और प्रभात खबर द्वारा शुरू किया गया “नवचेतना” अभियान समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

JOIN US

Verified by MonsterInsights