– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले कर्मियों को शोकॉज का निर्देश, कार्यालयीन अनुशासन पर उपायुक्त ने दिखाई सख्ती
बोकारो, 20 जुलाई। बोकारो समाहरणालय में सोमवार सुबह उपायुक्त अजय नाथ झा ने औचक निरीक्षण कर कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह करीब 10:45 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान सामाजिक सुरक्षा शाखा, जिला कल्याण शाखा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई कर्मी निर्धारित समय पर अनुपस्थित मिले, जिस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थापना उप समाहर्ता प्रेमचंद सिन्हा को निर्देश दिया कि कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मियों को तत्काल शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब प्राप्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयीन अनुशासन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने और अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि समयबद्ध उपस्थिति और अनुशासित कार्यशैली से ही आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कार्यालयों में कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

