–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट की घटना, बंदूक जब्त कर जांच में जुटी पुलिस, परिवार में पसरा मातम
बोकारो, 17 अक्टूबर 2026: झारखंड के बोकारो जिले में एक दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बंदूक को खिलौना समझकर खेल रहे महज साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की गोली लगने से जान चली गई। घटना माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्नल मार्केट की है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घर में रखी बंदूक को बच्चा अनजाने में कोई खिलौना समझ बैठा और उससे खेलने लगा। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई, जो सीधे बच्चे को जा लगी। गोली की आवाज सुनकर जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक मासूम गंभीर रूप से लहूलुहान हो चुका था और उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बंदूक को भी जब्त कर लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि लोडेड बंदूक बच्चे की पहुंच तक कैसे पहुंची और यह हथियार लाइसेंसी है या अवैध।

