सीसीएल नेशनल पीआर कॉन्क्लेव 2026: रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच देने के लिए पांच विशेष प्रतियोगिताओं का एलान

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

रांची में 4 और 5 नवंबर को जुटेगी देश भर की प्रतिभा, फिल्म मेकिंग, फोटोग्राफी और सोशल मीडिया स्टार्स होंगे सम्मानित

रांची, 17 अक्टूबर 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा झारखंड की राजधानी रांची में लगातार दूसरे वर्ष नेशनल पीआर कॉन्क्लेव 2026 का भव्य आयोजन 4 एवं 5 नवंबर 2026 को किया जा रहा है। इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम “फ्रॉम एल्गोरिदम टू ऑथेंटिसिटी: इनोवेट, इन्फ्लुएंस, इम्पैक्ट” रखी गई है, जिसका उद्देश्य जनसंपर्क, संचार और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में नवाचार, प्रामाणिकता और प्रभावी संवाद को नई दिशा देना है। इस प्रतिष्ठित आयोजन में विद्यार्थियों, युवा पेशेवरों और रचनात्मक प्रतिभाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पांच अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई है।

आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता, संचार कौशल, स्टोरीटेलिंग और जनसंपर्क क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच मिलेगा। पहली श्रेणी के तहत इको-माइन टूरिज्म एवं झारखंड पर्यटन विषय पर 2 से 3 मिनट की शॉर्ट फिल्म आमंत्रित की गई है, जिसमें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हरियाली और खनन पर्यटन को दर्शाया जाएगा। दूसरी शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता दुर्गा पूजा और दशहरा की गौरवशाली परंपराओं पर केंद्रित होगी। चयनित श्रेष्ठ फिल्मों का प्रदर्शन कॉन्क्लेव के मुख्य मंच पर किया जाएगा।

इसके अलावा, तीसरी श्रेणी में सोशल मीडिया एवं विज्ञापन क्षेत्र में सक्रिय युवाओं के लिए बेस्ट इन्फ्लुएंसर इन सोशल मीडिया अथवा राइजिंग पीआर स्टार पुरस्कार रखा गया है। चौथी श्रेणी में फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए गोल्डन शटर अवॉर्ड आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी दो मौलिक व उत्कृष्ट तस्वीरें प्रस्तुत कर सकेंगे। वहीं पांचवीं श्रेणी में कॉन्क्लेव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए रील, ब्रोशर, थीम और विशेष कंटेंट तैयार करने वाले प्रतिभागियों को उत्कृष्ट योगदान पुरस्कार से नवाजा जाएगा। विभिन्न श्रेणियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को कॉन्क्लेव के दौरान भव्य मंच पर पुरस्कृत किया जाएगा।

Verified by MonsterInsights