पटना में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से होगा पालन: प्रमंडलीय आयुक्त

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

जाम से मुक्ति के लिए ऑटो का जोन परमिट, वेंडिंग जोन और 16 लाख लंबित चालानों की वसूली पर जोर

पटना, 01 सितंबर 2026: राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए। सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने, नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को जब्त करने, बिना निबंधन चल रहे ऑटो और नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा या ऑटो चलाने पर पूर्ण रोक लगाने का आदेश दिया गया है।

जीरो माइल, जंक्शन और प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष नजर

समीक्षा के दौरान जीरो माइल बायपास, जीपीओ गोलंबर, पटना जंक्शन, सगुना मोड़, कंकड़बाग और पटना सिटी में जाम की समस्या प्रमुख पाई गई। जीरो माइल बायपास की क्षतिग्रस्त सड़क को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने का निर्देश एनएचएआई (NHAI) को दिया गया है। इसके अलावा पीक आवर्स में कॉमर्शियल वाहनों के नियमन और आवश्यकतानुसार तत्काल रूट डायवर्जन लागू करने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

ऑटो के लिए बनेगा जोन परमिट ऐप, वेंडर्स होंगे शिफ्ट

ऑटो परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए कलर कोड और जोन आधारित परमिट व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए मोबाइल ऐप विकसित कर ऑटो चालकों से पसंदीदा रूट के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। सड़क किनारे दुकान लगाने वालों के लिए वेंडिंग जोन विकसित कर उन्हें व्यवस्थित रूप से वहां शिफ्ट किया जाएगा ताकि सड़कों पर यातायात का दबाव कम हो सके।

16 लाख लंबित चालानों की होगी वसूली, विजिबिलिटी बढ़ाएगी ट्रैफिक पुलिस

वर्ष 2022 से अब तक जिले में लंबित करीब 16 लाख चालानों की राशि वसूलने के लिए वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा जाएगा। राशि जमा न करने पर ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन निबंधन निलंबित किया जाएगा। साथ ही, चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने, ‘रोको-टोको’ अभियान तेज करने और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, ट्रैफिक एसपी सागर कुमार, आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर और जिला परिवहन पदाधिकारी उपेंद्र पाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights