आधुनिक सुविधाओं और मिथिला कला से संवरेगा मधुबनी

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

एनबीसीसी के साथ जिला प्रशासन की नई पहल, कचरा प्रबंधन और ‘मिथिला आर्ट्स एक्सपीरियंस सेंटर’ की स्थापना के लिए बनेगी विस्तृत कार्ययोजना

मधुबनी, 24 अगस्त: समग्र, सुनियोजित और सतत विकास की दिशा में मधुबनी जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड (NBCC) के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। नगर विकास एवं आवास विभाग (UDHD) बिहार सरकार के निकट समन्वय में काम कर रही एनबीसीसी के साथ हुई इस बैठक में मधुबनी शहर के आधारभूत ढांचे के उन्नयन, नागरिक सुविधाओं के विकास और स्थानीय मिथिला कला को पर्यटन व अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में दो मुख्य प्रस्तावों पर ध्यान केंद्रित किया गया-पहला, आधुनिक ‘एकीकृत कचरा प्रबंधन प्रणाली’ (Integrated Waste Management System) और दूसरा, पीपीपी (Public-Private Partnership) मोड पर ‘मिथिला आर्ट्स एक्सपीरियंस सेंटर’ (Mithila Arts Experience Centre) का निर्माण। इन दोनों परियोजनाओं को तकनीकी एवं वित्तीय रूप से व्यावहारिक रूप देने के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि शहरी स्वच्छता केवल कचरा उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण और जीवन की गुणवत्ता से सीधे जुड़ी है। इसलिए कचरा संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की एक मजबूत और टिकाऊ व्यवस्था तैयार की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, मधुबनी की विश्वप्रसिद्ध मिथिला चित्रकला और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने के लिए प्रस्तावित ‘मिथिला आर्ट्स एक्सपीरियंस सेंटर’ की परिकल्पना की गई है। इस केंद्र में स्थानीय कलाकारों व शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने, बेचने और आधुनिक बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भारी बढ़ावा मिलेगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों का प्रत्यक्ष लाभ आम नागरिकों को दिखना चाहिए। आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को संजोना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में एनबीसीसी के उप महाप्रबंधक (DGM) सुमन कांत, प्रोजेक्ट मैनेजर अभय कुमार, अपर समाहर्ता तथा मधुबनी नगर आयुक्त सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।