-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
चांदी के रथ पर विराजे भगवान महावीर, महापौर सीता साहू सहित उमड़ा जैन समाज
पटना, 21 सितंबर: राजधानी पटना के बाड़े की गली स्थित जैन श्वेताम्बर मंदिर से पर्यूषण पर्व के पावन समापन के अवसर पर रविवार को भव्य बड़घोड़ा शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में पटना की महापौर सीता साहू ने भी सम्मिलित होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।
शोभायात्रा में सबसे आगे पवित्र इंद्र ध्वजा लहरा रही थी, जिसके पीछे भव्य चांदी के रथ पर भगवान महावीर स्वामी विराजमान थे। यह शोभायात्रा बाड़े की गली स्थित मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर अशोक राजपथ के मुख्य मार्ग से होते हुए खाजेकलां तक पहुंची और पुनः भक्तिमय वातावरण में मंदिर परिसर में लौटकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। मंदिर वापसी के उपरांत भगवान महावीर का नयनाभिराम विशेष श्रृंगार किया गया तथा विधि-विधान से महाआरती एवं पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष रंजन कुमार वैद जैन, सचिव राजकुमार मालकस, प्रवक्ता ललित जैन, अमरनाथ जैन, उर्मिला जैन, अंजली जैन, लब्धित जैन, किशनचंद्र जैन, राजकुमार जैन, जिनेश मेहता, राहुल जैन, चंदन जैन, प्रकाश कोठारी तथा नवयुवक मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबी उपस्थित रहे।
