बेलछी में 10 वर्षीय बच्ची की हत्या के बाद NH-30A पर बवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

दुष्कर्म की आशंका पर भड़के परिजनों ने किया सड़क जाम, राजद नेताओं के आश्वासन पर खुला मार्ग

बेलछी (बाढ़), 21 सितंबर: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी थाना क्षेत्र में घास काटने गई करीब 10 वर्षीय मासूम मौसम कुमारी की धारदार हथियार से की गई निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हत्यारों की त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30A) को जाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन ठप रहा।

वारदात की सूचना मिलते ही राजद नेता धर्मवीर सिंह यादव और राजद जिला प्रवक्ता मिथिलेश कुमार यादव उर्फ ‘मिथ्थे भैया’ दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ बेलछी प्रखंड के लाखचक गांव पहुंचे। नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद राजद नेताओं ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मामले में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने तथा अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग रखी। नेताओं के ठोस आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया।

बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से राजद के पूर्व प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव उर्फ ‘लल्लू मुखिया’ के भाई सह राजद नेता धर्मवीर सिंह यादव, राजद जिला प्रवक्ता मिथिलेश कुमार यादव, बाढ़ नगर अध्यक्ष गिरिधर कुमार सहित अन्य नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि मामले को स्पीडी ट्रायल के तहत चलाकर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और सुरक्षा का आश्वासन दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से गहन तफ्तीश कर रही है।

Verified by MonsterInsights