– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
‘लाल गाड़ी’ टिकट जांच अभियान में रेलवे ने वसूला 3.89 लाख रुपये जुर्माना, वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील
दानापुर, 15 जुलाई। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष “लाल गाड़ी” टिकट जांच अभियान के तहत आरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 678 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट वाले यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे कुल 3,89,035 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
दानापुर मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में पटना–पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के आरा स्टेशन पर वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किया। इस अभियान के लिए विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन “लाल गाड़ी” का उपयोग किया गया।

जांच के दौरान आरा स्टेशन से होकर गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देकर यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। अभियान में बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे 678 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माने के रूप में 3,89,035 रुपये रेलवे राजस्व के रूप में प्राप्त किए गए।
रेल अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला। अभियान के बाद पटना–पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इससे यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट अथवा अधिकृत यात्रा प्राधिकार के साथ ही रेल यात्रा करें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा के विरुद्ध “लाल गाड़ी” जैसे विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

