अधीक्षण अभियंता सतेन्द्र कुमार चौधरी के तीन ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना और पूर्णियाँ में एक साथ कार्रवाई, नकदी, आभूषण, संपत्ति एवं निवेश से संबंधित कागजात बरामद

पटना/पूर्णियाँ, 16 सितंबर 2026 : आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना ने भवन निर्माण विभाग, पूर्णियाँ प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सतेन्द्र कुमार चौधरी के पटना और पूर्णियाँ स्थित तीन ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी शुरू की। विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद तीन तलाशी दलों द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है। तलाशी के दौरान अब तक नकदी, सोना, चांदी एवं हीरे के आभूषण तथा चल-अचल संपत्ति और निवेश से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

निगरानी थाना कांड संख्या 109/26 दिनांक 14 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सतेन्द्र कुमार चौधरी के विरुद्ध 1,97,58,070 रुपये के अनुपातहीन धनार्जन का मामला दर्ज किया गया है।

वर्ष 2011 से 2025 के बीच सात अचल संपत्तियों की जानकारी

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सतेन्द्र कुमार चौधरी, उनकी पत्नी उषा देवी एवं परिजनों के नाम से वर्ष 2011 से 2025 के बीच कुल सात अचल संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी मिली है। इनमें फुलवारी शरीफ में एक जमीन शामिल है, जिस पर भव्य मकान निर्मित है। इसके अलावा नौबतपुर में चार जमीनें, लगभग 74 डिसमिल जमीन तथा दानापुर में लगभग 7.18 डिसमिल की एक जमीन का उल्लेख किया गया है।

निगरानी के अनुसार इन अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 3,60,58,070 रुपये बताया गया है, जबकि चल संपत्ति का मूल्य करीब 26 लाख रुपये है। प्रेस विज्ञप्ति में इन संपत्तियों को ज्ञात आय की तुलना में करीब 68 प्रतिशत अधिक बताया गया है।

पटना के दो आवासीय परिसरों और पूर्णियाँ में तलाशी

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम पटना स्थित दो आवासीय परिसरों के अलावा पूर्णियाँ स्थित कार्यालय/आवास में भी तलाशी ले रही है। फुलवारी शरीफ स्थित पांच मंजिला मकान में लिफ्ट और सोलर पैनल लगे होने के साथ कई महंगे फर्नीचर तथा करीब 10 एसी होने की जानकारी तलाशी के दौरान सामने आई है। निगरानी के अनुसार इस मकान का विधिवत मूल्यांकन कराया जाएगा।

इसके अलावा एजी कॉलोनी स्थित संयुक्त तीन मंजिला मकान का भी मूल्यांकन कराया जाना है। तलाशी के दौरान इन परिसरों से संपत्ति और निवेश से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

नकदी और आभूषण भी बरामद

तलाशी के दौरान एक लाख रुपये नकद, सोना, चांदी एवं हीरे के आभूषण बरामद किए गए हैं। प्राथमिकी में अंकित सात अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी टीम को मिले हैं। बरामद आभूषणों का विधिवत मूल्यांकन कराया जा रहा है।

जांच के दौरान ग्रेटर नोएडा में एक फ्लैट होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच निगरानी टीम द्वारा कराई जा रही है। बैंक खातों और एलआईसी में किए गए निवेश से संबंधित बड़ी संख्या में कागजात भी बरामद किए गए हैं। तलाशी के दौरान हुंडई कंपनी की एक कार भी मिली है।

देर रात तक जारी रह सकती है कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार तीनों ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है। दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच जारी है। तलाशी अभियान देर रात तक चलने की संभावना है।

निगरानी विभाग के अनुसार तलाशी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति, दस्तावेज और अन्य सामग्रियों का विधिवत मूल्यांकन एवं सत्यापन किया जाएगा। मामले में अनुसंधान और आगे की जांच से संबंधित जानकारी बाद में उपलब्ध कराई जाएगी।

स्रोत: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना – प्रेस विज्ञप्ति संख्या 129/2026, दिनांक 16 सितंबर 2026

Verified by MonsterInsights