-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
जीर्णोद्धार कार्य 30 नवंबर 2026 और नव निर्माण 30 मार्च 2027 तक पूरा करने का कड़ा निर्देश
भागलपुर, 23 सितंबर: बिहार के विकास आयुक्त (पटना) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान राज्य भर में चल रहे जीर्णोद्धार और नव निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया गया तथा सभी योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भागलपुर समाहरणालय से जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं आईसीडीएस की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जीर्णोद्धार से संबंधित सभी कार्यों को हर हाल में 30 नवंबर 2026 तक तथा नव निर्माण से जुड़े सभी प्रोजेक्ट्स को 30 मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और प्रगति रिपोर्ट को संबंधित पोर्टल पर ससमय और अद्यतन रूप से दर्ज करना सुनिश्चित करें।
बैठक में विभागवार कार्यों की गहन समीक्षा की गई:
- शिक्षा विभाग: प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों में रंग-रोगन, मरम्मत और चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) निर्माण कार्य को गति देने को कहा गया।
- स्वास्थ्य विभाग: जिला अस्पताल, प्राथमिक व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों को तय अवधि में पूरा करने का निर्देश मिला।
- समाज कल्याण विभाग: आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प, रंग-रोगन तथा नए केंद्रों के भवन निर्माण की समीक्षा हुई।
- पीएचईडी एवं पंचायती राज: नल-जल योजनाओं की मरम्मत, चापाकल, जलमीनार निर्माण तथा पंचायत सरकार भवनों के जीर्णोद्धार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर बल दिया गया।
- ग्रामीण एवं नगर विकास: ग्रामीण सड़कों, पुल-पुलियों तथा शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।
