RLSY कॉलेज में हिंदी पखवाड़ा शुरू, भारतेंदु के साहित्य पर मंथन

Live ख़बर

रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

14 सितंबर तक चलेंगी साहित्यिक गतिविधियां, हिंदी दिवस पर होगा समापन समारोह

पटना, 01 सितंबर 2026: अनिसाबाद स्थित राम लखन सिंह यादव कॉलेज में मंगलवार को हिंदी विभाग के तत्वावधान में 14 दिवसीय हिंदी पखवाड़े का भव्य आगाज हुआ। 1 से 14 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन के दौरान भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ प्रमुख साहित्यकारों के कृतित्व और व्यक्तित्व पर परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। पखवाड़े का समापन 14 सितंबर को ‘हिंदी दिवस’ के मौके पर विशेष समारोह के साथ होगा।

उद्घाटन सत्र में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र प्रसाद ने दैनिक जीवन और पठन-पाठन में मातृभाषा हिंदी के प्रयोग व सम्मान पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए हिंदी विभागाध्यक्ष सह उप-प्राचार्या प्रो. कुमारी संगीता ने आधुनिक हिंदी साहित्य के जनक भारतेंदु हरिश्चंद्र के जीवन और साहित्यिक अवदान को रेखांकित किया। वहीं प्राध्यापक प्रो. रोहित कुमार ने कहा कि भारतेंदु ने अल्पायु में ही हिंदी को समृद्ध कर उसे एक मजबूत साहित्यिक पहचान दिलाई।

समारोह में शिक्षक प्रतिनिधि प्रो. बीडी यादव और एनएसएस समन्वयक प्रो. प्रसिद्ध कुमार समेत कई प्राध्यापकों ने विचार रखे। आगामी 2 से 13 सितंबर तक प्रतिदिन हिंदी के मूर्धन्य रचनाकारों, कवियों और उनकी कृतियों पर विशेष परिचर्चाएं तथा साहित्यिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।