निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 167 मरीज लाभान्वित

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

भगवती प्रसाद केसरीदेवी चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दिया स्वास्थ्य परामर्श

पटना, 20 जुलाई। भगवती प्रसाद केसरीदेवी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में बैंक रोड स्थित परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 167 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव प्रदान किए।

ट्रस्ट के अध्यक्ष पी. के. अग्रवाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आम नागरिकों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज सेवा के अपने संकल्प के तहत समय-समय पर इस प्रकार के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

स्वास्थ्य शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शशि मोहनका, मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कुमार, पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. के. अग्रवाल सहित कुल सात विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मरीजों को नियमित जांच, संतुलित आहार, व्यायाम तथा समय पर उपचार कराने की सलाह दी।

शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने ट्रस्ट की इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन संभव हो सका।