श्रद्धा से मनाया गया नेमिनाथ मोक्ष कल्याणक

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

दिगम्बर जैन मंदिरों में अभिषेक, शांतिधारा और विशेष पूजन का आयोजन, भगवान नेमिनाथ के अहिंसा व त्याग के संदेश को अपनाने का आह्वान

पटना। जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ का पावन मोक्ष कल्याणक सोमवार को राजधानी पटना के कमलदह दिगम्बर जैन सिद्धक्षेत्र मंदिर सहित शहर के सभी दिगम्बर जैन मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान नेमिनाथ के जीवन आदर्शों का स्मरण किया।

प्रातःकाल भगवान नेमिनाथ का अभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजन संपन्न हुआ। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने निर्वाण लाडू अर्पित कर भगवान के मोक्ष कल्याणक का स्मरण किया। मंदिर परिसर स्तुति, भजन और धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय बना रहा।

बिहार स्टेट दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के मानद मंत्री पराग जैन ने कहा कि भगवान नेमिनाथ ने विवाह के अवसर पर निरीह पशुओं की करुण पुकार सुनकर सांसारिक वैभव का त्याग कर दिया और तप, संयम एवं साधना का मार्ग अपनाते हुए अंततः मोक्ष प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान नेमिनाथ का जीवन अहिंसा, जीव-दया, करुणा, त्याग और आत्मकल्याण का अनुपम संदेश देता है, जो आज भी मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

अखिल भारतीय दिगम्बर जैन महासमिति (बिहार-झारखंड) के महामंत्री एम. पी. जैन ने बताया कि मोक्ष कल्याणक के अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों, महिला मंडलों, युवक-युवतियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि भगवान नेमिनाथ के सिद्धांत समाज में शांति, करुणा और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विश्व शांति, मानव कल्याण और समस्त जीवों के मंगल की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की गई।