– खगौल से चंदू प्रिंस की रिपोर्ट
श्रावणी पूजा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, खीर-हलवा, पूड़ी और चना का हुआ प्रसाद वितरण
खगौल, 21 अगस्त। छोटी खगौल देवी स्थान मंदिर में श्रावणी पूजा और पारंपरिक खप्पर पूजा का आयोजन धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। खप्पर पूजा को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद गुप्ता, अजनीश प्रभाकर और सामाजिक कार्यकर्ता चंदू प्रिन्स ने बताया कि छोटी खगौल देवी स्थान में प्रत्येक वर्ष श्रावणी पूजा एवं खप्पर पूजा का आयोजन परंपरागत तरीके से किया जाता है। प्राचीन देवी स्थान के प्रति स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में भी विशेष आस्था है।
दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
आयोजकों के अनुसार, खगौल का यह प्राचीन मंदिर छोटी देवी स्थान के नाम से प्रसिद्ध है। वार्षिक पूजा महोत्सव में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां श्रद्धा के साथ माता से मन्नत मांगने वाले भक्तों की मनोकामना पूरी होती है।
श्रावणी पूजा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर, हलवा, पूड़ी और चना का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
पूजा आयोजन में वार्ड पार्षद राहुल कुमार और आशुतोष कुमार श्रीवास्तव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। भरत पोद्दार ने कहा कि मंदिर की वार्षिक पूजा लंबे समय से चली आ रही परंपरा है और माता के आशीर्वाद से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है।
स्थानीय लोगों ने भी पूजा के भव्य आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्रद्धालुओं का कहना था कि प्राचीन परंपरा से जुड़े इस आयोजन से धार्मिक और सामाजिक समरसता को मजबूती मिलती है।
पुलिस प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
खप्पर पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए खगौल पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। अपर थाना अध्यक्ष विकास कुमार की देखरेख में पूजा कार्यक्रम संपन्न हुआ। वहीं मोती चौक पर सब इंस्पेक्टर नीतीश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।
प्रसाद वितरण में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर किया सहयोग
पूजा के समापन के बाद प्रसाद वितरण में सौरव सिन्हा उर्फ जीतू, कुमार गुप्ता, आशुतोष कुमार श्रीवास्तव, चंदू प्रिन्स, हिमांशु कुमार, नवीन कुमार, श्रवण अग्रवाल, राकेश गुप्ता, रंजीत कुमार, जय प्रकाश, अशोक कुमार और संजय कुमार सिन्हा सहित कई लोगों ने सहयोग किया।
आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।

