अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

कैंट क्षेत्र में प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, विधायक संजीव अग्रवाल सहित कई गणमान्य रहे मौजूद

बरेली, 02 अक्टूबर 2026: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कैंट क्षेत्र में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने शास्त्री जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान, उनकी ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शास्त्री जी सच्चे अर्थों में राष्ट्रनायक थे, जिन्होंने कठिन समय में दृढ़ संकल्प और सादगी के साथ देश का नेतृत्व किया। ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर उन्होंने न केवल सीमा पर तैनात देश के वीर सैनिकों का हौसला बढ़ाया, बल्कि किसानों को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए। उनका सादगीपूर्ण जीवन आज भी पूरे देश और भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

जयंती समारोह में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वेद प्रकाश सक्सेना, प्रदेश सचिव डॉ. विकास वर्मा और जिलाध्यक्ष अश्विनी कमठान प्रमुख रूप से शामिल हुए। इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में चित्रांश बंधु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर देश के इस महान सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Verified by MonsterInsights