– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), चास में विद्यार्थियों में अनुशासन, समयपालन और नियमित अध्ययन की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 100 प्रतिशत उपस्थिति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पूरे शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान बिना एक भी दिन अनुपस्थित रहे विद्यार्थियों को 100% अटेंडेंस बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चास के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) एवं 2022 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी वेदांत शंकर थे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित उपस्थिति ही सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि हर उपलब्धि सम्मान की पात्र होती है और हर सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी तथा स्पष्ट लक्ष्य का परिणाम होती है।
एएसपी वेदांत शंकर ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनना भी है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि अनुशासन और निरंतर प्रयास ही जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
उल्लेखनीय है कि वेदांत शंकर वर्ष 2017 में आईआईटी दिल्ली से बी.टेक. की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची के पूर्व छात्र भी हैं। उनकी उपलब्धियों और संघर्षपूर्ण यात्रा को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
विद्यालय की निदेशिका एवं प्राचार्या डॉ. मनीषा तिवारी ने कहा कि नियमित उपस्थिति केवल विद्यालय आने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी, आत्मानुशासन और सीखने के प्रति गंभीरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थी भविष्य में हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को दिए जाने वाले बैज, प्रमाण-पत्र और ट्रॉफियां उनके परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्टता की पहचान हैं।
प्रो वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य छात्रों से भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। वहीं डी.एस. मेमोरियल सोसाइटी, चास के सचिव सुरेश अग्रवाल ने कहा कि नियमित उपस्थिति गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव है और अनुशासन तथा निरंतरता ही जीवन की बड़ी सफलताओं का आधार बनते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों में नियमित अध्ययन, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना को और अधिक सशक्त बनाएंगे।

