– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
चतरोचट्टी में 2688 बोतल नकली विदेशी शराब बरामदगी मामले में छह माह से फरार था आरोपी
बोकारो, 19 अगस्त 2026। होली त्योहार-2026 के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान दर्ज नकली विदेशी शराब मामले में बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में करीब 2688 बोतल नकली विदेशी शराब बरामदगी मामले में छह महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संतोष महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर होली त्योहार के पूर्व अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के नरकण्डी गांव में कार्रवाई की गई थी।
मकान से मिली थी 2688 बोतल नकली शराब
पुलिस ने बताया कि नरकण्डी गांव में टावर के समीप सोना महतो के एलबेस्टर से बने मकान में छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड के नाम से तैयार करीब 2688 बोतल नकली विदेशी शराब बरामद की गई थी।
कार्रवाई के दौरान मकान मालिक सोना महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इस संबंध में चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 11/2026, दिनांक 22 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 274, 275, 292, 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई की गई।
छह महीने से फरार था मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान नकली विदेशी शराब के निर्माण और कारोबार में संतोष महतो की भूमिका सामने आई। हजारीबाग जिले के आंगो थाना क्षेत्र के बेडम निवासी करीब 33 वर्षीय संतोष महतो गिरफ्तारी के डर से लगभग छह महीने से फरार चल रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संतोष महतो का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 69/2021, आंगो थाना कांड संख्या 07/2025 और चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 11/2026 सहित अन्य मामले दर्ज हैं।
चतरोचट्टी थाना के मामले में उस पर नकली विदेशी शराब के निर्माण और कारोबार से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल ने की कार्रवाई
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में चतरोचट्टी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अनुप रंजन बाखला के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल थी। टीम में आरक्षी 551 हीरालाल महतो, आरक्षी 351 इंदल चौरसिया, आरक्षी 1608 रामेश्वर यादव, आरक्षी 1315 सहदेव प्रसाद यादव और चालक नागेन्द्र महतो शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में आरोपी से पूछताछ के आधार पर नकली शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।

