गृह विभाग के लंबित मामलों की समीक्षा, प्रधान सचिव पंकज कुमार ने दिए शीघ्र निष्पादन के निर्देश

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

आरटीआई, एनएचआरसी और भू-समाधान डैशबोर्ड की हुई समीक्षा; छात्रों की शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर

पटना, 31 अगस्त: गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार की अध्यक्षता में विभाग की विभिन्न प्रशाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा प्रश्नों (असेंबली क्वेश्चन), सूचना का अधिकार (RTI), भू-समाधान डैशबोर्ड, सीपीजीआरएएमएस (CPGRAMS), राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) और ई-कम्प्लायंस डैशबोर्ड से जुड़े लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।

प्रधान सचिव ने सभी प्रशाखाओं के लंबित मामलों को समयबद्ध रूप से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से प्राप्त जन शिकायतों का त्वरित व पारदर्शी निष्पादन ऑनलाइन माध्यम से सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रशासनिक जवाबदेही बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए विभागीय अधिकारियों और आईटी टीम को निर्देशित किया।

बैठक में गृह विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी, विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह, विशेष सचिव सह प्रभारी निदेशक (अभियोजन) सुधांशु कुमार चौबे, अपर सचिव कुंदन कुमार, सैनिक कल्याण निदेशक ब्रिगेडियर मृगेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव कमल नयन और विशेष कार्य पदाधिकारी आदित्य कुमार झा सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।