– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत 43 कर्मियों ने सीखे साइबर हाइजीन व डेटा सुरक्षा के गुर
रांची, 04 सितंबर 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडी) द्वारा सतर्कता विभाग के तत्वावधान में ‘आईटी एवं साइबर सुरक्षा तथा साइबर हाइजीन’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह विशेष प्रशिक्षण सत्र सतर्कता जागरूकता अभियान (वीएसी) 2026-27 के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण श्रृंखला के तहत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक एवं महाप्रबंधक (सिस्टम) विभा उरांव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में सीसीएल के पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम) सुरेश बेहरा एवं सतर्कता विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक (सिस्टम) मोहित जैन ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा की मूलभूत अवधारणाओं, आधुनिक साइबर खतरों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा सुरक्षा, साइबर हाइजीन, सीआईएल की आईटी एवं साइबर सुरक्षा नीति, सुरक्षा फ्रेमवर्क, क्लाउड सिक्योरिटी गवर्नेंस तथा कानूनी व नियामकीय अनुपालन जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यह सत्र प्रतिभागियों के लिए संवादात्मक और व्यावहारिक रहा, जहां कार्यस्थल पर आने वाली वास्तविक चुनौतियों और विशेष रूप से अनुबंधों के निष्पादन के दौरान पेश आने वाले डिजिटल जोखिमों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इस कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय तथा विभिन्न प्रचालन क्षेत्रों से कुल 43 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसका मुख्य उद्देश्य अधिकारियों व कर्मचारियों को बढ़ते डिजिटल खतरों के प्रति सजग कर सुरक्षित कार्यप्रणाली और साइबर स्वच्छता सुनिश्चित करना था।
