– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
उथरथू और ओंदा में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, तटबंधों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश
नालंदा, 04 सितंबर 2026: नालंदा जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने शुक्रवार को जिले के उथरथू एवं ओंदा स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में जलस्तर की स्थिति, जल निकासी के प्रबंधों तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्रत्यक्ष मुआयना करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से संचालित करने के कड़े निर्देश दिए।
राशन, पेयजल और दवाइयों की तत्काल उपलब्धता पर जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित प्रखंड एवं अंचल प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित आबादी तक सूखा राशन, शुद्ध पेयजल, जीवन रक्षक दवाइयां और जरूरी राहत सामग्री अविलंब पहुंचाई जाए। जल संसाधन विभाग को तटबंधों और जलस्तर की 24 घंटे सतत निगरानी रखने तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों से त्वरित निकासी के उपाय करने को कहा गया।

पशु चारा व मेडिकल कैंप सक्रिय, फील्ड में मुस्तैद रहेंगे अधिकारी
मवेशियों के लिए पर्याप्त पशु चारा उपलब्ध कराने और जलजनित बीमारियों की रोकथाम हेतु मेडिकल कैंपों को निरंतर सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा की इस घड़ी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी कर्मियों को फील्ड में मुस्तैद रहना होगा। इसके साथ ही डीएम और एसपी ने ग्रामीणों से सजग रहने, सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
