-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की राजभाषा पत्रिका ‘विहार दर्शन’ का विमोचन, डिजिटल मंचों से जुड़ने का सुझाव
पटना, 22 सितंबर 2026। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार लोक भवन, पटना में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की राजभाषा पत्रिका ‘विहार दर्शन’ का विधिवत विमोचन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राजभाषा पत्रिका ‘विहार दर्शन’ का प्रकाशन हिंदी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय प्रयास है। बिहार में हिंदी का व्यापक प्रयोग होता है, इसलिए प्रशासनिक व सरकारी कामकाज में हिंदी का अधिकतम उपयोग जन-जन तक पहुंच को और अधिक सुगम बनाएगा। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी नई तकनीकों के आगमन से हिंदी में लेखन और कार्य करना पहले की तुलना में काफी सरल व सुगम हो गया है।
राज्यपाल ने पत्रिका की नियमितता पर बल देते हुए इसे वर्ष में एक या दो बार प्रकाशित करने तथा इसकी पहुंच का दायरा बढ़ाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं सोशल मीडिया पर भी उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पाठक अब ऑनलाइन माध्यमों से भी सामग्री पढ़ते हैं, इसलिए पत्रिका की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य है। साथ ही, उन्होंने पत्रिका में बिहार के समृद्ध इतिहास, संस्कृति, नालंदा जैसे ऐतिहासिक स्थलों के विवरण तथा देश-विदेश में यात्रा करने वाले प्रबुद्ध लोगों के यात्रा-वृत्तांतों को शामिल करने का आह्वान किया, ताकि प्रत्येक अंक पाठकों के लिए ज्ञानवर्धक व रोचक बना रहे।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिजवी, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय एवं बिहार लोक भवन के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
