–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
महिला उद्यमियों के लिए खास ‘पिंक हैंगर’, 7 अक्टूबर तक चलेगा व्यापार और मनोरंजन का महाकुंभ
रांची, 2 अक्टूबर 2026: युवा सामाजिक और व्यापारिक संस्था जूनियर चैंबर इंटरनेशनल (जेसीआई) के प्रतिष्ठित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की शुरुआत हो गई है। अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा यह व्यापार मेला आगामी 7 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के कई प्रमुख उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक प्रशांत पाटोदिया ने जानकारी दी कि सात दिवसीय इस मेले में विभिन्न शहरों से 400 पूरी तरह वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें ऑटोमोबाइल, बड़े ब्रांड्स, नए स्टार्टअप्स और ड्राई फ्रूट्स के स्टॉल्स शामिल हैं। महिलाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष ‘पिंक हैंगर’ तैयार किया गया है, जो केवल महिला उद्यमियों के लिए आरक्षित है। बच्चों के मनोरंजन के लिए आधुनिक झूलों से सुसज्जित एम्यूजमेंट पार्क भी बनाया गया है।
समारोह के दौरान रांची विधायक सी पी सिंह और जीएसटी अधीक्षक संजीव कुमार झा ने मेले का दौरा कर व्यवस्थाओं की सराहना की और जेसीआई टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। पूर्व अध्यक्ष नारायण मुरारका और अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का अभिनंदन किया। मेले में तकनीक का प्रयोग करते हुए क्यूआर कोड के माध्यम से टिकट बुकिंग और प्रतियोगिताओं में पंजीकरण की सुविधा दी गई है। पंचरत्न स्काईलाइन इस वर्ष मुख्य प्रायोजक है, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी सह-प्रायोजक की भूमिका में हैं। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष अभिषेक जैन, सचिव साकेत अग्रवाल, महिला विंग अध्यक्ष खुशबु सिंघानिया, तृष्णा अग्रवाल, नलिनी जैन और मीडिया प्रभारी वरुण जालान सहित पूरी टीम सक्रिय योगदान दे रही है।

मेले के दूसरे दिन चित्रकला प्रतियोगिता में 150 बच्चों ने प्रतिभा दिखाई, जिसमें किमाया, सीधी सरावगी, प्रगति जैन (4 से 7 वर्ष आयु वर्ग) तथा अरण्या राठौड़, अभिनव कुमार और आदित्य कुमार (12 से 18 वर्ष आयु वर्ग) विजेता बने। इसके अलावा ट्रेजर हंट और तंबोला का भी आयोजन हुआ। 3 अक्टूबर को रात 9 बजे से 12 बजे तक विशेष ‘नाइट मार्केट’ का आयोजन होगा, जिसमें जोकर और फायर जगलर जैसे कार्निवल आकर्षण रहेंगे। साथ ही डॉग शो और ‘वॉयस ऑफ एक्सपो’ का मंच सजेगा। आने वाले दिनों में 4 अक्टूबर को डांस प्रतियोगिता व ‘एक्सपो टैंक’, 6 अक्टूबर को प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा ‘भजन जैमिंग’ और 7 अक्टूबर को योगा व बुटीक एक्सपो फैशन शो आयोजित किया जाएगा।
