-लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
30 और 31 अक्टूबर को ‘भारत रत्न अटल: हिंदी, राष्ट्रवाद और सुशासन’ पर होगा मंथन, समितियों का गठन
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर 2026 : राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में आगामी 30 एवं 31 अक्टूबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की सफलता और तैयारियों को लेकर विश्व हिंदी परिषद की दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी तथा शैक्षिक प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक चाणक्यपुरी स्थित हरियाणा स्टेट गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. पूरन चंद टंडन ने की, जबकि संचालन परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में हुआ।
इस महासम्मेलन का मुख्य विषय “भारत रत्न अटल: हिंदी, राष्ट्रवाद और सुशासन” निर्धारित किया गया है। बैठक के दौरान आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई विशिष्ट समितियों के गठन, देश-विदेश के विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय, प्रतिष्ठित अतिथियों के आमंत्रण, प्रतिभागियों के पंजीकरण तथा व्यापक प्रचार-प्रसार से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.पी. मिश्र, ऋचा चतुर्वेदी, अभिलाषा मिश्रा, शशि महंत, करुणाशंकर त्रिवेदी, दीपा कुमारी चौधरी, प्रो. प्रतिभा राणा, डॉ. शीतल, डॉ. वनिता शर्मा, शंभु शरण मिश्रा, डॉ. राघवेन्द्र दुबे, नीरज कुमार, डॉ. प्रीति, हरेन्द्र प्रसाद सिंह, प्रो. रविंद्र गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, सुबोध भारद्वाज, प्रो. बच्चा बाबू, प्रो. ममता, अभय कुमार, बलजीत सिंह, लक्ष्मीनारायण शर्मा, अंकित नागर, प्रदीप शुक्ला, डॉ. तनुज जैन और सोनाक्षी बागेश्वर सहित परिषद के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

