– अभिनव श्रीवास्तव : ब्यूरो प्रमुख
पाइपलाइन इंटरकनेक्शन कार्य के चलते जल बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी, नागरिकों से पहले से पानी संग्रह करने की अपील
नई दिल्ली, 20 जुलाई। दिल्ली जल बोर्ड ने 23 और 24 जुलाई को राजधानी के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहने की सूचना जारी की है। बोर्ड के अनुसार, 900 मिमी व्यास वाली ‘ख्याला मेन’ पाइपलाइन के इंटरकनेक्शन कार्य के कारण 23 जुलाई की सुबह से 24 जुलाई की सुबह तक कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी या कम दबाव के साथ होगी। जल बोर्ड ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण करने की अपील की है।
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, पाइपलाइन इंटरकनेक्शन का कार्य पंजाबी बाग क्लब (श्मशान भूमि के सामने) तथा पंजाबी बाग एमसीडी जन्माष्टमी ग्राउंड (मोती नगर रेड लाइट के समीप) दो स्थानों पर किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगी।
जल बोर्ड ने बताया कि नारायणा यूजीआर कमांड एरिया के अंतर्गत इंद्रपुरी, टोडापुर गांव, नारायणा गांव, नारायणा विहार, कृषि कुंज, मानसरोवर गार्डन और राजौरी गार्डन सहित कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित होगी। इसके अलावा एमईएस क्षेत्र, कीर्ति नगर बीपीएस/यूजीआर कमांड एरिया, एचएमपी कॉलोनी, पंजाबी बाग बीपीएस/यूजीआर का कुछ हिस्सा, तिलक नगर, ख्याला, विष्णु गार्डन, जेजे कॉलोनी ख्याला, रवि नगर, चांद नगर तथा आसपास के इलाकों में भी कम दबाव से पानी मिलने या आपूर्ति बाधित रहने की संभावना है।
जल बोर्ड ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी का संग्रह कर लें। यदि किसी क्षेत्र में पानी की गंभीर कमी होती है तो प्रभावित निवासी जल बोर्ड के टैंकर सेवा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1916, 23527679, 23538495 तथा 23634469 पर संपर्क कर सकते हैं।
दिल्ली जल बोर्ड ने कहा है कि पाइपलाइन इंटरकनेक्शन का कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा।
