बोकारो में युवक की हत्या का खुलासा: नशे के लिए पैसे न देने पर हुई थी वारदात, आरोपी गिरफ्तार

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

डॉग स्क्वॉड और तकनीकी साक्ष्यों से सुलझी गुत्थी, मौके पर छूटे गमछे और गंजी से पकड़ा गया कातिल

बोकारो, 21 अक्टूबर 2026 : माराफारी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। नशे के लिए रुपये न देने पर हुए विवाद में यह वारदात हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज कुमार उर्फ भूरा (28 वर्ष), पिता नन्हक राम, निवासी बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी (डोमपाड़ा), को गिरफ्तार कर लिया है।

17-18 अक्टूबर की रात माराफारी थाना क्षेत्र के डोमपाड़ा के नीचे खाली मैदान से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में 18 अक्टूबर को कांड संख्या 85/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने घटनास्थल के निरीक्षण, डॉग स्क्वॉड और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। वारदात स्थल से बरामद चप्पल, लाल गमछा और ‘हर-हर महादेव’ लिखी गंजी की पहचान के बाद आरोपी तक पहुंचा गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। परिजनों ने भी पुष्टि की है कि घटना वाली रात आरोपी वही कपड़े पहनकर निकला था और सुबह बिना कपड़ों के घर लौटा था। आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी के कपड़े, चप्पल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। छापेमारी टीम में माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार, बालीडीह ओपी प्रभारी आनंद आजाद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Verified by MonsterInsights