Anjaan Jee : Editor in Chief and Publisher
बोकारो, झारखंड, 19 दिसंबर 2025 : बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गंभीर मारपीट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिनांक 11.12.2025 को आवेदक राजमणि यादव, पिता बाबुराम यादव, निवासी रेलवे कॉलोनी, कृष्णा बस्ती, बड़का फील्ड के बगल में, थाना बालीडीह, जिला बोकारो द्वारा दिए गए टंकित आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना कांड संख्या 351/25 दर्ज किया गया था। कांड में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
आवेदन में उल्लेख किया गया था कि घटना के दिन संध्या लगभग 6:30 बजे 10–12 की संख्या में अभियुक्तगण हरवे हथियार से लैस होकर उनके घर में घुस आए और पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर उनके वृद्ध माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए इस कांड के प्राथमिक अभियुक्त बबलु कालिंदी, पिता संतोष कालिंदी, निवासी कृष्णा नगर डोमपाड़ा, थाना बालीडीह, जिला बोकारो को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।
इसी क्रम में दिनांक 19.12.2025 को कांड में फरार चल रहे एक अन्य प्राथमिक अभियुक्त भोंदा कालिंदी उर्फ मोहन कालिंदी, पिता दुर्गा कालिंदी, निवासी कृष्णा नगर डोमपाड़ा, थाना बालीडीह, जिला बोकारो को पुलिस द्वारा कड़ी मेहनत के बाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस छापामारी अभियान में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी निम्नलिखित रहे—
- पु०अ०नि० चन्द्रदेव कुमार
- स०अ०नि० नवीन कुमार
- हवलदार जबरा मुंडू
- आरक्षी-503 लालदेव मोची
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
