– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बीएसएल प्रबंधन की बेरुखी से नाराज लीजधारी, हाईकोर्ट जाने का लिया निर्णय
बोकारो | 30 अगस्त 2026: बोकारो के सेक्टर 12ई में बीएसएल द्वारा निर्मित क्वार्टर के अचानक ढहने की घटना को लेकर लीजधारियों में आक्रोश बढ़ गया है। मामले को लेकर रविवार को बोकारो इंप्लाइज वेलफेयर सोसाइटी की बैठक सुदर्शन सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में करीब 80 लीजधारियों ने हिस्सा लिया और घटना के साथ बीएसएल प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जताई।
बैठक में महामंत्री लक्ष्मी नारायण केसरी ने सेक्टर 12ई में क्वार्टर ढहने की घटना की जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान और प्रबंधन के साथ वार्ता के लिए मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवा) को पत्र भेजकर बैठक की मांग की गई थी। आरोप है कि प्रबंधन की ओर से न तो वार्ता की पहल की गई और न ही पत्र का लिखित जवाब दिया गया।

प्रबंधन से निराश लीजधारी अब न्यायालय की शरण में
बैठक में मौजूद लीजधारियों ने कहा कि आवासों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर प्रबंधन की कथित उदासीनता चिंताजनक है। सदस्यों ने कहा कि अब केवल प्रबंधन के भरोसे नहीं रहा जा सकता। बैठक में सर्वसम्मति से समिति के माध्यम से पूरे मामले को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया।
लीजधारियों ने कहा कि न्यायालय का जो भी फैसला होगा, वह सभी को स्वीकार होगा। बैठक में आवासों की सुरक्षा और लीजधारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मनोहर कुमार सुमन, जेपी सिंह, राजेंद्र प्रसाद, जेएन शर्मा, विनोद कुमार, लक्ष्मी नारायण केसरी, सुदर्शन सिंह, एमपी सिंह, डीएन राम, आरएस सिंह, एमडी ठाकुर, आरपी सिंह, जानकी राय, यूएस द्विवेदी, बीएल चौधरी, ओपी गुप्ता, यूके मिश्रा और आर्यन वर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

