“वेस्ट टू वेल्थ” पहल के तहत सीसीएल मगध-संगमित्र क्षेत्र में कोयला खनिक की अनोखी काँच की प्रतिमा स्थापित

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मगध-संगमित्र क्षेत्र में “स्पेशल कैंपेन 5.0” के अंतर्गत ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पहल को साकार करते हुए लगभग सात फीट ऊँची कोयला खनिक की आकर्षक काँच की प्रतिमा स्थापित की गई है।

इस प्रतिमा को तैयार करने में स्वच्छता अभियान के दौरान विभिन्न स्थलों से एकत्रित करीब 0.2 टन गैर-बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट — जैसे प्लास्टिक की बोतलें, टूटा काँच और अन्य निष्प्रयोज्य सामग्री का उपयोग किया गया है। इन त्यागी गई वस्तुओं को कुशल शिल्पकारों ने अपनी कला और रचनात्मकता से एक सुंदर एवं सार्थक रूप दिया है, जो वास्तव में ‘कबाड़ से कंचन’ की भावना को मूर्त रूप प्रदान करता है।

सीसीएल की यह अभिनव पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि रचनात्मक सोच और नवाचार के माध्यम से अपशिष्ट को भी मूल्यवान संसाधन में बदला जा सकता है।

कंपनी की ओर से कहा गया है कि यह प्रतिमा ‘वेस्ट टू वेल्थ’ थीम को साकार करते हुए कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण-संवेदनशीलता के प्रति प्रेरित करने का कार्य करेगी।

यह पहल सीसीएल के सतत विकास और हरित भविष्य के संकल्प को और मजबूत बनाती है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह प्रयास न केवल क्षेत्रीय स्तर पर, बल्कि समूचे कोल इंडिया परिवार के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है।

JOIN US