– रंजित प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
पटना जीपीओ में राष्ट्रीय खेल दिवस पर रस्साकशी, चम्मच दौड़ और 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित
पटना | 30 अगस्त 2026: भारतीय डाक विभाग की ओर से पटना जीपीओ परिसर में 28 से 30 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पटना जीपीओ उद्यान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। डाक परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रस्साकशी, चम्मच दौड़ और 100 मीटर दौड़ सहित कई प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
डाक परिवार भी टीम भावना से करता है काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्य डाकपाल (प्रशासन), पटना जीपीओ विनय कुमार दुबे ने डाक परिवार को सेना के समतुल्य बताते हुए कहा कि जिस तरह सेना देश की सीमाओं की रक्षा के लिए समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ काम करती है, उसी प्रकार डाक कर्मचारी भी नागरिकों तक डाक और वित्तीय सेवाएं पहुंचाने में कर्तव्यनिष्ठा के साथ जुटे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि खेलकूद से कर्मचारियों में अनुशासन, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना मजबूत होती है। इसका सकारात्मक प्रभाव कार्य निष्पादन पर भी पड़ता है।
उन्होंने ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ और ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ के संदेश को अपनाते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को व्यस्त कार्यदिवस के बीच खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना रहा। आयोजन के दौरान पटना जीपीओ परिसर में उत्साह और सौहार्द का माहौल रहा।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम कार्यस्थल पर नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं।

