जगतगुरू श्री रामकृष्ण फिल्म हुई रिलीज, दर्शकों की मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया

Live ख़बर

यूधिष्ठिर महतो :

मुम्बई, 5 सितंबर 2025 – स्वामी विवेकानंद के गुरु श्री रामकृष्ण परमहंस के जीवन पर आधारित फिल्म ‘जगतगुरू श्री रामकृष्ण’ 1 सितंबर को प्रसार भारती के ओटीटी चैनल WAVES पर रिलीज हो गई है। फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिन्होंने इसे भारत और पूरे विश्व के लिए एक मार्गदर्शक फिल्म बताया है।

फिल्म का निर्माण और लेखन हजारीबाग (झारखंड) के निवासी गजानंद पाठक ने किया है। उन्होंने स्वामी रामकृष्ण परमहंस के जीवन और संदेशों को बड़े ही लगन और मेहनत से पर्दे पर उतारा है। फिल्म का निर्देशन बिमल कुमार मिश्र ने किया है।

फिल्म में मुख्य भूमिकाएं हजारीबाग के कलाकारों ने निभाई हैं। साधक रामकृष्ण का किरदार अमरकांत राय ने, जबकि जगतगुरू श्री रामकृष्ण परमहंस का अभिनय स्वयं निर्माता और लेखक गजानंद पाठक ने किया है। माँ सारदा देवी की भूमिका में श्रेष्ठा भट्टाचार्य और स्वामी विवेकानंद के रूप में मुकेश राम प्रजापति नजर आए हैं। माँ काली का किरदार चांदनी झा ने निभाया है।

फिल्म के गीतों को भजन सम्राट अनूप जलोटा, सुरेश वाडकर और महालक्ष्मी अय्यर जैसे दिग्गजों ने अपनी आवाज दी है, जिससे फिल्म की रोचकता और बढ़ गई है। संगीत अजय मिश्रा ने दिया है, और छायांकन का काम राहुल पाठक ने संभाला है।

यह फिल्म रामकृष्ण परमहंस के जीवन के संघर्ष और ईश्वर दर्शन की उनकी तड़प को बहुत ही खूबसूरती से दर्शाती है। फिल्म में गुरु-शिष्य परंपरा को भी बखूबी दिखाया गया है। यह एक ऐसी फिल्म है जिसे पूरे परिवार के साथ देखा जा सकता है, क्योंकि यह दर्शकों को एक आध्यात्मिक दुनिया की ओर ले जाती है और जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह भरती है।