46वें बीपीएससी टॉपर मो. मुत्तफ़िक अहमद बने आईपीएस: अपराध अनुसंधान से लेकर पटना मेट्रो सुरक्षा तक निभाईं अहम जिम्मेदारियां

Live ख़बर

लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

ग्रेहाउंड्स एंटी-एक्सट्रीमिस्ट ट्रेनिंग में रहे अव्वल, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की संभाल चुके हैं सुरक्षा

पटना, 17 अक्टूबर 2026: बिहार पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद मुत्तफ़िक अहमद को उनके दीर्घकालीन अनुभव, उत्कृष्ट सेवा अभिलेख और कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नत किया गया है। अपराध अनुसंधान, विधि-व्यवस्था संधारण, अपहरण कांडों के उद्भेदन और वीआईपी सुरक्षा में लंबा अनुभव रखने वाले मुत्तफ़िक अहमद 46वें बीपीएससी बैच के टॉपर रहे हैं। वर्तमान में वे गृह रक्षा वाहिनी में समादेष्टा के पद पर पदस्थापित हैं।

मुत्तफ़िक अहमद ने अपने करियर की शुरुआत बिहारशरीफ में डीएसपी के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने पटना सदर, मुजफ्फरपुर पूर्वी और हिलसा में एसडीपीओ के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वे बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में एएसपी पद पर भी रहे। उग्रवाद-रोधी रणनीतियों के लिए प्रसिद्ध ग्रेहाउंड्स एंटी-एक्सट्रीमिस्ट टैक्टिक्स कोर्स में वे डीएसपी श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहे थे। उनके कार्यकाल में 100 करोड़ रुपये के जाली स्टांप पेपर रैकेट का पर्दाफाश, पटना में सीरियल किलर मुकेश की गिरफ्तारी और मुजफ्फरपुर व नालंदा में अपहृत बच्चों की सकुशल बरामदगी जैसी बड़ी सफलताएं शामिल हैं। अंतरराज्यीय हत्या मामले की गुत्थी सुलझाने पर उन्हें डीजीपी द्वारा प्रशस्ति-पत्र भी दिया गया था।

इसके अलावा, मुत्तफ़िक अहमद को पटना मेट्रो का पहला मुख्य मेट्रो सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने मेट्रो नेटवर्क के सुरक्षा ढांचे की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने पटना में आयोजित जी20 लेबर एंगेजमेंट ग्रुप समिट और बिहार विधानसभा शताब्दी स्मृति स्तंभ उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था का भी सफल नेतृत्व किया। पटना के गांधी मैदान में बड़े सरकारी आयोजनों के कुशल प्रबंधन के लिए उन्हें महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। राज्य पुलिस सेवा से आईपीएस में पदोन्नति उनके पेशेवर सफर का एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर है।

Verified by MonsterInsights