सीएम नीतीश कुमार ने दानापुर–बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर और सराय–दिघवारा गंगा पुल परियोजना का किया निरीक्षण, तेज़ी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

पटना, 26 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को दानापुर–बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर और सराय (सरैयां)/सराय–दिघवारा गंगा पुल (रुड़पुर–दिघवारा) परियोजनाओं के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को कार्य में और तेज़ी लाने के निर्देश दिए।

दानापुर–बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर से बिहटा–कोइलवर रूट होगा सुगम

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और किसी प्रकार की बाधा नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि – “परियोजना पूर्ण होने से बिहटा से कोइलवर तक यातायात बेहद आसान होगा। यह NH-922 और कोइलवर पुल को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना रिंग रोड (कन्हौली मोड़) को NH-139 और एम्स गोलंबर से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण फीडर कॉरिडोर के रूप में कार्य करेगी। इसके माध्यम से बिहटा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को विशेष कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका कार्य यथाशीघ्र पूरा किया जाए।

सराय–दिघवारा गंगा पुल का भी किया जायजा

मुख्यमंत्री ने इसके बाद सराय–दिघवारा गंगा पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं, और निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने उस स्थान का भी निरीक्षण किया जहां से जेपी गंगा पथ को इस पुल से कनेक्ट किया जाएगा।

उन्होंने कहा – “सराय–दिघवारा पुल के तैयार होने से पटना–हाजीपुर की यातायात व्यवस्था सुगम और व्यवस्थित होगी।
छपरा, सीवान, गोपालगंज और हाजीपुर जाने वालों को अब पटना शहर में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी।”

इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्यवासियों को वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध होगा, जिससे पटना शहर पर वाहनों का दबाव काफी कम होगा।

Verified by MonsterInsights