– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
मीडियाकर्मियों पर हमले के विरोध में बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पटना, 23 जुलाई। राजधानी पटना में छात्र प्रदर्शन के दौरान मीडियाकर्मियों पर हुए कथित हमले के विरोध में गुरुवार को बिहार के विभिन्न पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में पत्रकार डाकबंगला चौराहा पर एकत्र हुए और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें घटना में शामिल आरोपितों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने कहा कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों और कैमरापर्सन पर हमला केवल किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आघात है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा प्रत्येक लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सचिव मुकुंद कुमार सिंह ने कहा कि हाल के वर्षों में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विमर्श में बढ़ती असंवेदनशीलता और मीडिया के प्रति अमर्यादित भाषा का असर जमीनी स्तर पर काम करने वाले पत्रकारों पर पड़ता है। उनके अनुसार, पत्रकार निष्पक्ष रूप से सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जन आंदोलनों की खबरें जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, ऐसे में उन्हें निशाना बनाया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मीडिया कर्मियों के सम्मान और सुरक्षा का स्पष्ट संदेश दें। प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने कहा कि किसी भी मीडिया संस्थान या संगठन से जुड़े होने के बावजूद पत्रकारों की सुरक्षा पूरे पत्रकार समाज का साझा मुद्दा है और इस पर सभी एकजुट रहेंगे।
यूनियन ने सरकार से मांग की कि पत्रकारों पर हमला करने वालों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
प्रदर्शन में मुकुंद कुमार सिंह, अनूप नारायण सिंह, आकाश कुमार, परमानंद कुमार, कुंदन कुमार, पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार, चंद्रमोहन पांडे, सुरजीत कुमार, सच्चिदानंद, राकेश दुबे, प्रत्युष राय, सचिन तिवारी, कृष्ण नंदन, रितेश कुमार, कृपाशंकर, रजनीश कुमार, ब्रजेंद्र मिश्रा, कुमुद रंजन, धर्मेंद्र सिन्हा, अक्षय किशोर, गोलू कुमार, शिव कुमार, कुंदन पांडेय, राजीव रंजन पाठक, सुधेंदु रमन, सुजीत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के समापन पर पत्रकारों ने दोहराया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी किसी घटना का लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से विरोध किया जाएगा।

